प्रदेश के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को बारिश ने मौसम को खुशनुमा कर दिया। इससे लगातार पड़ रही तेज गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को अचानकर दौसा, शाहपुरा और करौली के हिण्डौन सिटी सहित कई हिस्सों में बारिश हुई। दौसा के सिकन्दरा में बारिश के साथ कुछ जगहों पर चने के आकार के ओले भी गिरे। इससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। जयपुर में भी बादल छाने से गर्मी का प्रकोप कुछ कम रहा। हालांकि, यहां बादल बिना बरसे ही निकल गए। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिनों में भीषण गर्मी से त्रस्त लोगों को हल्की राहत मिल सकती है। राजस्थान के कुछ शहरों में आगमी 19, 20 और 21 मई को और भी बारिश होने की संभावना है।
हालांकि अभी जोधपुर और जैसलमेर जैसे मरुस्थलीय शहरों में बारिश होने से वहां तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई है। लेकिन प्रदेश की अधिकांश जगहों पर बारिश की स्थितियां बनी तो सही लेकिन तेज हवाओं के कारण बादल ज्यादा नहीं बरस सके।
उधर राजस्थान में मानसून की स्थिती को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 25 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना है। विभाग ने यह भी कहा है कि इस बार मानसून समय से या तो 4 दिन पहले आ सकता है या 4 दिन बाद। गौरतलब है कि मानसून के बारे में भविष्यवाणी करने वाली एजेंसियों ने इस बार देशभर में सामान्य बारिश होने के आसार जताए हैं।