पुलिस लाइन के बाहर चालान काटते पुलिसकर्मी
- फोटो : amar ujala
अजमेर के निवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक ने नियम तोड़कर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के भी चालान कटवाने शुरू कर दिए हैं। इसके लिए बाकायदा पुलिस लाइन के बाहर भी यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है।
दरअसल, नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने हाल ही में अजमेर की कमान संभाली है। कमान संभालते ही उन्होंने आमजन को सुधारने से पहले पुलिसकर्मियों को भी सुधारने के आदेश दिए हैं। एसपी के आदेश से जिला पुलिस लाइन के बाहर यातायात के उपनिरीक्षक वीडी शर्मा और उनके सहयोगियों को तैनात किया है। शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश से पुलिस लाइन में आने और जाने वाले पुलिसकर्मियों द्वारा हेलमेट नहीं लगाने, कार पर काली फिल्म चढ़ी होने सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, आमजन के भी चालान काटे जा रहे हैं।
शर्मा के अनुसार बृहस्पतिवार को 150 ई-चालान और 30 से अधिक चालान काटे गए। वहीं तीन बिना परमिट की बसें भी जब्त की गई। उधर, एसपी राजेन्द्र सिंह की यह पहल शहरवासियों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले एसपी ने डयूटी ज्वाॅइन करते ही जिले के पुलिसकर्मियों द्वारा अनुपस्थित होने पर केवल मात्र उनके द्वारा ही आमद(हाजिरी) करने के आदेश जारी किए थे।