रेलवे स्टेशन पर खड़ा ट्रेन का इंजन बिना लोको पायलट के दौड़ पड़ा और करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित दूसरे स्टेशन पर खड़ी हमसफर एक्सप्रेस से टकराकर रुक गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
यह घटना राजस्थान के जोधपुर मंडल के भगत की कोठी रेलवे स्टेशन की है। यहां पर ट्रेन इंजन को तकनीकी खराबी के कारण खड़ा किया गया था। ढलान के कारण अचानक यह इंजन लुढकने लगा और फिर इसने गति पकड़ ली। उस वक्त इस इंजन में कोई लोको पायलट या अन्य स्टाफ नहीं था।
बिना लोको पायलट के इंजन को दौड़ता देख रेलवे स्टेशन पर हड़कम्प मच गया। स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। वे इसे रोकने के लिए दौड़े। ट्रेक पर पत्थर डालकर इसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
बाद में यह इंजन करीब तीन किमी दूर बासनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी हमसफर एक्सप्रेस टकरा कर अपने आप रुक गया। गौरतलब है कि हमसफर एक्सप्रेस का संचालन अभी तीन दिन पहले ही शुरू हुआ है।