राजस्थान विवि की अव्यवस्थाओं ने गुरुवार सुबह सैंकड़ों विद्यार्थियों के चेहरे का रंग उड़ा दिया। विवि की ओर से आयोजित परीक्षाओं में गुरुवार को पॉलिटिकल साइंस के एमए प्रीवियस का पेपर था। कई छात्रों का सेंटर प्रताप नगर स्थित माहेश्वरी कॉलेज में आया था। परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थी पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। परीक्षा कक्ष में बैठने के बाद जब काफी देर तक पेपर नहीं आया तो गहमागहमी शुरू हुई। पता चला कि विवि की ओर से पेपर ही नहीं पहुंचाए गए।
दरअसल प्रताप नगर के माहेश्वरी कॉलेज में सुबह सात बजे से पॉलिटिकल साइंस का पेपर होना था। स्टूडेंट्स का आना साढ़े छह बजे से ही शुरू हो गया था। परीक्षा कक्ष में बैठने के बाद विद्यार्थी पेपर आने का इंतजार करते रहे। जब पेपर नहीं दिए गए तो केंद्र पर मौजूद परिवीक्षकों से पूछा गया। वे मामले को टालते रहे। वे तकनीकी समस्या बताते रहे। किसी तरह यह बात केंद्र के बाहर मौजूद परिजनों के पास पहुंच गई। परिजनों ने पेपर नहीं आने की बात को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामा बढ़ने लगा तो कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को भी सूचना कर दी। कॉलेज की ओर से विवि को जानकारी दी गई तो आनन फानन में पेपर पहुंचाए गए। तब जाकर परीक्षा शुरू हो पाई। सात बजे शुरू होने वाला पेपर आधे घंटे देरी से शुरू हो पाया।