सभापति के पैरों में पड़े पार्षद
- फोटो : amar ujala
शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर सुनवाई नहीं होने पर आज पार्षदों ने सभापति के पैर पकड़ लिए। पार्षदों का कहना था कि सभापति को नमस्कार नहीं करने से वे उनसे नाराज हैं। ऐसे में उन्होंने उनके पैर ही पकड़ लिए।
मामला अलवर नगर परिषद के वार्डों में सफाई व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। दरअसल यहां कांग्रेसी पार्षदों का आरोप है कि उनके वार्डों में सफाई नहीं हो रही। ऐसे में परेशान लोग उन्हें शिकायत करते हैं, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं हो पा रहा। इसके चलते आज कांग्रेसी पार्षदों ने नगर परिषद सभापति अशोक खन्ना का घेराव किया। नगर परिषद नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र मीणा के नेतृत्व में पार्षद सभापति के पैरों में गिरकर वार्डों में सफाई कराने की गुहार करते नजर आए।
पार्षदों का कहना था कि सभापति इसलिए सफाई नहीं करा रहे कि पार्षद उनसे नमस्कार नहीं करते, इसलिए पार्षदों ने जनता की समस्याओं को देखते हुए आज नमस्कार के बदले सभापति के पैरों को पकड़कर दंडवत प्रणाम भी किया। पार्षदों का कहना है कि यदि फिर भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो उनका नगर परिषद के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।