जीएसटी लागू हुए भले ही चार दिन बीत गए हो, लेकिन इसका विरोध अभी जारी है। कहीं धरना दिया जा रहा तो कहीं ज्ञापन के जरिये संशोधन की मांग की जा रही है।
अलवर जिला महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता रैली निकालते हुए सुभाष चौक से कलक्ट्रेट पहुंची। रैली में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जीएसटी के विरोध में खाली गैस सिलेंडर लेकर जबरदस्त नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय राजेन्द्र चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा।
इसमें जीएसटी से घरेलू गैस सिलेंडर, आटा, दाल, सब्जी, कपड़ा, पूजन सामग्री सहित मूलभूत आवश्यकता वाली वस्तुओं से टैक्स हटाने की मांग की गई। कमलेश सैनी ने बताया कि 18 प्रतिशत के जीएसटी का विरोध करने वाली भाजपा ने ही 28 प्रतिशत जीएसटी को आधी-अधूरी तैयारी के साथ आम जनता पर थोप दिया है। इससे रोटी-कपड़ा और मकान जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भारी-भरकम टैक्स लगाकर आम जनता पर अधिक महगांई का बोझ लाद दिया गया है।