प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 29 अगस्त को प्रस्तावित उदयपुर दौरे को लेकर राज्य सरकार, प्रशासन और भाजपा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी इस दिन यहां किशनगढ़-अहमदाबाद सिक्स लेन परियोजना का शिलान्यास व आईआईएम उदयपुर के भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही उदयपुर के चित्रकूट नगर स्थित खेलगांव में सभा को संबोधित करेंगे।
उनके इस दौरे की तैयारियों को लेकर बुधवार को उदयपुर के भाजपा कार्यालय पर बैठक हुई जिसमें राज्य के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, परिवहन मंत्री यूनुस खान, यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी और उदयपुर जिले के प्रभारी मंत्री धनसिंह रावत सहित संभाग के सभी सांसद, विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, प्रधान और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस बैठक में जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक के दौरान पोलिंग बूथ तक के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
गृहमंत्री कटारिया ने कहा कि सभी जिलों में अपने स्तर पर तैयारी होगी जिसकी पूरी माॅनिटरिंग भी रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे उदयपुर संभाग के सभी छह जिलों में जिलेवार बैठक में जाने की कोशिश करेंगे और अधिक से अधिक कार्यकर्ता व जनता को इस कार्यक्रम में लाने का प्रयास किया जाएगा।