मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी की ओर से कांग्रेस पर कसे तंज का जबाव कांग्रेस ने मंगलवार को दिया। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि परनामी को झूठ बोलने के लिए गोल्ड मैडल मिलना चाहिए।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रतापसिंह खाचारियावास ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि कुछ ही दिन पहले परनामी अपने स्वयं के विधानसभा क्षेत्र आदर्श नगर में पानी की टंकी का उदघाटन करने गए तो वहां महिलाओं ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई जिसके बाद परनामी को बिना उदघाटन किए उलटे पांव लौटना पडा। परनामी भाजपा के केन्द्र सरकार की तीन वर्ष की झूठी उपलब्धियां जनता को बता रहे हैं तथा झूठे आंकडे प्रस्तुत करके कांग्रेस के 55 वर्ष के विकास को भाजपा के तीन वर्ष की उपलब्धि दर्शा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वास्तविकता में आज राशन कार्ड पर गेंहू मिलना बंद हो गया है, गरीब भूख व महंगाई से परेशान है, व्यापारियों के व्यापार व काम-धंधे बंद हो गए, जीडीपी घटकर 2.5 प्रतिशत से कम हो गई है जिसका मुख्य कारण नोटबंदी माना गया है। जीडीपी कम होने के साथ ही पूरे देश में लघु उद्योग-धंधे बंद हो गए, मनी ट्रांजक्शन रूकने से निर्माण कार्य और प्रोपर्टी बिजनेस पूरी तरह से फेल हो गया है, रोटी और रोजगार को लेकर आम आदमी सघर्ष कर रहा है।