टैक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा को पॉलीथिन मुक्त करने के लिए यहां चल रही टैक्सटाइल मिल्स ने रविवार का अनूठी पहल की। जिला प्रशासन के साथ मिलकर एसोसिएशन ने कपड़े के 10 हजार थैले बांटे।
यह आयोजन यहां सूचना केन्द्र चौराहे पर हुआ। कार्यक्रम में मुख्य सचेतक कालूलाल गुर्जर ने पाॅलीथिन मुक्त अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह भीलवाड़ा को पॉलीथिन मुक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण व सार्थक कदम है। उन्होंने कहा कि इससे आमजन को फायदे के साथ ही पर्यावरण व पशुओं के लिए भी अनुकूल रहेगा। जिला कलक्टर महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि इस अभियान में 11 लाख थैले बनाकर वितरण करने की योजना है। उन्होंने कहा कि 2 लाख थेले नगर विकास न्यास एवं 2 लाख थेले नगर परिषद द्वारा बनवाए जाएंगे।
पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने बताया कि कपड़े के थैलों के वितरण से पशुओं को होने वाली बीमारियों व हानियों को रोका जा सकेगा। इस अवसर पर जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाडा, नगरविकास न्यास अध्यक्ष गोपाल खण्डेलवाल, नगर परिषद सभापति ललिता समदानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) आनन्दी लाल वैष्णव, अशोक कोठारी, सुनील जागेटिया, टेक्सटाइल एसोसिएशन के प्रतिनिधि, पीपुल्स फार एनीमल्स के दिलीप गोयल, मुकेश अजमेरा सहित बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।