सचिन पायलट 16 से 20 जनवरी तक करेंगे राजस्थान में जनसभाएं ।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और पीसीसी चीफ रहे सचिन पायलट 25 सितम्बर को हुए सियासी घटनाक्रम के बाद एक बार फिर से चुप्पी तोड़कर खुलकर मैदान में उतरने जा रहे हैं। सचिन पायलट ने ट्वीट कर इसकी घोषणा की है कि मैं राजस्थान के अलग-अलग जिलों में जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहूंगा।
नागौर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, पाली, जयपुर में सभाएं करेंगे सचिन
पायलट ने अपनी आम जन सभाओं और जनसम्पर्क का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। 16 जनवरी को अजमेर सम्भाग के नागौर, 17 जनवरी को नहरी क्षेत्र के हनुमानगढ़, 18 जनवरी को शेखावाटी के झुंझुनूं, 19 जनवरी को मारवाड़ के पाली और 20 जनवरी को सचिन पायलट प्रदेश की राजधानी जयपुर में जनसभा और जनसम्पर्क करेंगे। सूत्र बताते हैं कि सचिन पायलट के समर्थक नेता, विधायक उनके लगातार 5 दिन के तूफानी दौरे और जनसभाओं की तैयारियों में जुट गए हैं। हर जनसभा में 25 हजार से 30 हजार तक की भीड़ जुटाने का टारगेट रखा जा रहा है।
विधानसभा सत्र के दौरान छुट्टियों में जनसम्पर्क करेंगे पायलट
जानकारी के मुताबिक सचिन पायलट विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी पड़ने वाली छुट्टियों का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने, जनसभाएं और आयोजनों में शामिल होने और जनसम्पर्क में बिताने में लगाएंगे।
राहुल गांधी से मुलकात के बाद पायलट की सभाओं के मायने
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के तीन दिन बाद ही सचिन पायलट ने अपनी जनसभाओं और दौरों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसी दौरान पायलट खेमे के विधायक खिलाड़ीलाल बैरवा ने भी विधानसभा सत्र से पहले या सत्र के बाद बड़ा राजनीतिक बदलाव होने के संकेत दिए हैं। माना जा रहा है कि मुश्किल से शांत हुई कांग्रेस की खींचतान और गुटबाजी एक बार फिर विधानसभा सत्र से पहले जोर पकड़ सकती है।