अलवर जिले के बहरोड़ से निर्दलीय विधायक बलजीत यादव ने बहरोड में फायरिंग की घटना में अलवर सांसद बालक नाथ का हाथ होने का आरोप लगाते हुए सांसद को गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही मामले की जांच एडीजी विजिलेंस लेवल के पुलिस अफसर से कराने और दोषी के खिलाफ सीएम को तुरंत एक्शन लेने की मांग रखी है। मंगलवार को अलवर सर्किट हाउस में विधायक बलजीत यादव ने प्रेसवार्ता की। विधायक यादव ने असंसदीय टिप्पणी करते हुए कहा- सांसद साधु के वेश में भेड़िया है। बहरोड़ में DSP के साथ किए गए व्यवहार से यह पता चल गया। अगर सांसद ने दोबारा आकर वैसा ही किया तो उन्हें थप्पड़ मार-मारकर लाल कर दिया जाएगा।
गैंगस्टर लादेन पर फायरिंग में सांसद का हाथ
विधायक बलजीत यादव ने 5 जनवरी से बहरोड़ इलाके में चल रहे घटनाक्रम को लेकर कहा-गैंगस्टर लादेन पर फायरिंग की घटना में सांसद बालक नाथ का हाथ है। उन्होंने कहा- सांसद ने 3 जनवरी को एक गैंगस्टर को पैसे भिजवाए और 4 जनवरी को बहरोड में छात्रसंघ अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह में सभी बदमाशों को स्टेज पर बैठाया। 5 जनवरी को गैंगस्टर विक्रम उर्फ लादेन पर अस्पताल में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। जिस दिन गैंगस्टर पर फायरिंग हुई, उस दिन पुलिस फोर्स कम लगाई गई थी। इसकी शिकायत भी मैंने मुख्यमंत्री से की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद बालक नाथ का अगर घटना में हाथ नहीं होता, तो वह इतने आवेश में नहीं आते।
सांसद को पुलिस से ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए- विधायक बलजीत यादव
विधायक बलजीत बोले- सांसद को पुलिस के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए था। बहरोड में अपने समर्थकों से पूछताछ के नाम पर सांसद पुलिस से टकराने तो चले गए, लेकिन गैंगस्टर पर गोली चलने के दौरान दो महिलाओं के घायल होने पर उनसे मिलने तक नहीं गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन बदमाशों ने भारत सरकार लिखी हुई सांसद की गाड़ी का इस्तेमाल किया है। सांसद के ही लोग उस बदमाश को पैसे देकर आए हैं । फायरिंग के बाद पकड़े गए बदमाश से पुलिस पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई थी कि इसमें निशांत, राजाराम और हितेंद्र शामिल थे। उसी आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस थाने लाया गया। अगर पूछताछ करने पर ही सांस को इतनी बौखलाहट है, तो अगर वह आरोपी हुए तो क्या होगा। पूछताछ तो सोनिया गांधी, नरेंद्र मोदी और अमित शाह से भी हुई थी। जांच के बाद ही सच सामने आएगा।
कांग्रेस सरकार अपने लोगों को बचा रही- सांसद बालकनाथ
बीजेपी सांसद बाबा बालकनाथ जयपुर में प्रदेश बीजेपी कार्यालय पर मीडिया के सामने बहरोड़ विधायक बलजीत यादव और अलवर के डीएसपी आनंद राव पर जमकर बरसे। सांसद ने कहा- ये कांग्रेस सरकार अपने लोगों को बचा रही है। अलवर में रोजाना साइकिल, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर, गाड़ी, पशु चोरी होते हैं। आधी घटनाएं तो पुलिस दर्ज ही नहीं करती है। क्योंकि उन्हें राजनीतिक संरक्षण है। चाहे रामगढ़ विधायक हो, बहरोड़ विधायक हो या राजगढ़ विधायक हो।
विधायक बलजीत यादव रोज मेरे मरने की कामना करते हैं
सांसद बालकनाथ ने पलटवार करते हुए कहा- विधायक बलजीत यादव रोज मेरे मरने की कामना करते हैं। वह बहुत ही कमजोर दिल के आदमी हैं। कभी मैं उसके सामने आ गया, तो उनका हार्ट फेल न हो जाए और मेरे पर आरोप न लग जाए। विधायक के आरोपों पर बालकनाथ बोले- ऐसे लोग कुछ भी बोलते रहेंगे, हमें फर्क नहीं पड़ता है। संत समाज सब देख रहा है। मुझसे संत समाज पूछता है कि हम कुछ करें। लेकिन उनका ईलाज अपने आप हो जाएगा। दसों पीढ़ियां हो जाएंगी, उनके वंश का कोई विधायक नहीं बन पाएगा। बालकनाथ बोले- विधायक बलजीत यादव ने अभद्र भाषा ही सीखी है, 4 साल से वो मेरे लिए अशोभनीय टिप्पणियां और बातें करते आ रहे हैं। राजस्थान की राजनीति में ऐसा अधर्मी व्यक्ति किसी ने कभी नहीं देखा, यह जनता जानती है।
वह डीएसपी दलाल और राजस्थान पुलिस पर धब्बा
सांसद बालकनाथ ने डीएसपी आनंद राव की ओर से उन पर लगाए गए आरोपों के सवाल पर कहा- डीएसपी की मेरे पर आरोप लगाने की क्या हिम्मत है। वह खुद दलाल है और राजस्थान पुलिस पर धब्बा है। वह वसूली और गुंडागर्दी करता है। ऐसे डीएसपी की तुरंत जांच हो और उसकी कुंडली की भी जांच हो। उसने सम्पत्तियां बना रखी हैं।
डीएसपी को जीवन भर पश्चाताप भुगतना पड़ेगा
सांसद ने कहा-डीएसपी आनंद राव की कॉल डिटेल निकालनी चाहिए। घटना के दिन उन्हें कितने ही फोन आईजी और एसपी ने किए। उनके फोन तक डीएसपी ने नहीं उठाए। वह लगातार कान में ब्लूटूथ लगाकर विधायक के सम्पर्क में था। जिन लोगों को पकड़ा, उन्हें लॉक अप में भी डाल दिया। डीएसपी ने जो अधर्म और अन्याय किया है, उसका पश्चाताप उसे पूरे जीवन भर भुगतना पड़ेगा। अगर उसे लगता है कोई आरोपी है, तो न्यायिक जांच करे और प्रमाणित करे। कोई आरोपी होगा, तो कोर्ट के सामने पेश करे, कोर्ट उसका फैसला तय करेगा। बालकनाथ ने कहा- एक हॉस्पिटल में अपराधी आकर गैंगवार कर गए। निर्दोष माताओं को पैर में गोली लगी। कहीं और गोली लगती तो राजस्थान सरकार जनता को क्या जवाब देती। इतनी बड़ी घटना में तार किसी पर जुड़ते हैं, तो क्या पुलिस उसे छोड़ देगी। फिर अपराधियों के बहाने निर्दोष पार्टी कार्यकर्ताओं को पकड़ना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगा
जल जीवन मिशन में बड़ा भ्रष्टाचार
बीजेपी सांसद बालकनाथ ने आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार जल जीवन मिशन में बहुत बड़ा भ्रष्टाचार। उसका पूरा खुलासा मैं करूंगा। उन्होंने कहा- लो क्वालिटी का पाइप योजना के तहत लगाया जा रहा है। उस पाइप से जहरीला पानी आएगा। प्लास्टिक की पॉलिथीन और कैमिकल ड्रम को गलाकर उन पाइपों को बनाया जा रहा है। जब उन पाइपों से पानी के साथ मिलकर कैमिकल जनता के गले और पेट में जाएगा, तो कितना बड़ा नुकसान होगा। बोरिंग,पाइपलाइन और टंकी बनाने में बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। जब जांच होगी, तो ये सरकार कटघरे में खड़ी हो जाएगी।
राहुल की तिजोरी भर रही कांग्रेस सरकार, इस्तीफा दे देना चाहिए
सांसद बालकनाथ ने कहा- पूरी कांग्रेस सरकार को ही इस्तीफा दे देना चाहिए। क्योंकि इस सरकार ने राजस्थान जैसे शांतिपूर्ण प्रदेश को बर्बाद कर दिया। प्रदेश को अपमानित और बदनाम करने का काम किया है। अपराध, गोलीकांड, महिला अपराध, रेप की घटनाएं हो रही हैं। सरकार ने राजस्थान को लूट लिया है। भगवान करे इस कांग्रेस सरकार से राजस्थान को मुक्ति मिले। ऐसी मुक्ति मिले, सदा के लिए गंगा में इसका विसर्जन हो जाए। कांग्रेस सरकार युवाओं और किसानों को धोखा देकर सरकार सत्ता में बैठी है। निर्दलीय विधायकों के चक्कर में सरकार ने पूरे राजस्थान को बेच दिया है। पुलिस का काम भूमाफियाओं को अवैध कब्जा करवाने का रह गया है। कांग्रेस के लोग राजस्थान को लूटकर राहुल गांधी की तिजोरियां भर रहे हैं और उसकी यात्रा का डीजल कांग्रेस सरकार भरवा रही है।