जैतारण थाना क्षेत्र के रामपुरा कला में जीरे की फसल के बीच अफीम की खेती करने के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई की खबर पाकर खेत मालिक फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
राजस्थान के पाली जिले के जैतारण थाना क्षेत्र के रामपुरा कला में जीरे की फसल के बीच अफीम की खेती का मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर जैतारण पुलिस ने कार्रवाई कर खेत में खड़े अफीम के 2783 पौधे जब्त किए हैं। कार्रवाई की खबर पाकर खेत मालिक चिमन सिंह फरार हो गया।
विज्ञापन
दरअसल, पुलिस को चिमन सिंह पुत्र मोहन सिंह राजपुरोहित के खेत में जीरे की फसल के साथ अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रविवार को कुशालपुरा चौकी प्रभारी बिहारीलाल टीम के साथ रामपुरा कला सरहद में पहुंचे। मौके पर जांच के दौरान चिमन सिंह के खेत में जीरे की फसल के साथ ही अफीम के पौधे भी मिले। इस पर पुलिस ने अफीम के पौधों की बरामदगी की।
पुलिस ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि खेत में खड़ी अफीम पकने की कगार पर थी। आरोपी के खेत में अवैध अफीम के जीवित पौधे डंठल सहित लगे पाए गए। इन पौधों पर गीले डोडा भी लगे थे।
विज्ञापन
इस कार्रवाई में कुशालपुरा चौकी प्रभारी बिहारी लाल, कॉन्स्टेबल गिरिराज, भिकाराम, सुरेश सिंह, बलराज सिंह, दुर्गाराम और संजय सिंह की विशेष भूमिका रही। इस मामले में जैतारण थाना पुलिस आरोपी और खेत मालिक चिमन सिंह की तलाश में जुटी हुई है.