मंत्री जी, 'पहरेदार पिया की' सीरियल को हम अपने परिवार के साथ बैठकर नहीं देख सकते। फिर ऐसे सीरियल प्रसारित ही क्यों किए जाते हैं?
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को कोटा में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में कुछ इस तरह के शिकायत भरे सवालों से रू-ब-रू होना पड़ा। राजनीतिक मसलों को लेकर हो रही इस बैठक में आए कार्यकर्ताओं ने राठौड़ से टीवी पर परोसी जा रही आश्लीलता को लेकर भी जमकर सवाल उठाए। हालांकि राठौड़ ने पूरे धैर्य के साथ सभी सवालों के जवाब दिए।
बैठक में राठौड़ केंद्र सरकार की योजनाओं को गिना रहे थे और उनके परिणामों को लेकर चर्चा कर रहे थे। इस बीच कार्यकर्ताओं ने उनके मंत्रालय से संबंधित भी कई सवाल उठाए। उन्होंने शिकायत की कि टीवी पर अश्लीलता बढ़ती जा रही है और इसे रोकने के लिए आप क्या कर रहे हैं?
कार्यकर्ताओं ने शिकायत की कि सीरियल में नौ साल के बच्चे के साथ 19 साल की लड़की के साथ शादी और उसके बाद हनीमून पर जाने को भी दिखाया गया है। ये परिवार के साथ बैठकर देखना काफी परेशानी भरा लगता है।