जयपुर के जेएलएन मार्ग पर पैंथर
- फोटो : Amar Ujala
जयपुर में जंगल से बाहर निकलकर आबादी इलाके में आई पैंथर फैमिली अभी जंगल में नहीं लौटी। इनका मूवमेंट स्मृति वन से सटे ओटीएस में भी देखा गया है। इन्होंने रात को यहां एक कुत्ते का शिकार किया। वन विभाग की टीम रात को जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित स्मृति वन तथा आसपास इलाके में गश्त करती रही। अनुमान है कि यह पैंथर फैमिली अभी भी स्मृति वन में ही मौजूद है।
वन विभाग के अनुसार पैंथर फैमिली के वापस जंगल में लौटने के कोई निशान नहीं मिले हैं। इस बीच पास ही स्थित ओटीएस में पटेल भवन के पास पैंथर द्वारा कुत्ते के शिकार की जानकारी आई। वन विभाग के अधिकारी मनफूल विश्नोई ने बताया कि पटेल भवन के पास सुबह एक कुत्ता मरा हुआ मिला है। इसका एक पैर नहीं था और कई हिस्सों को भी खाया हुआ था। ऐसे में माना जा रहा है कि पैंथर फैमिली का मूवमेंट ओटीएस में रहा है और शिकार खाकर वापस स्मृति वन पहुंचा है।
वन विभाग अब आसपास के इलाके में जांच में जुटा हुआ है और इसे देखते हुए स्मृति वन में आम लोगों का प्रवेश दूसरे दिन मंगलवार को भी बन्द करने का निर्णय किया है। दूसरी तरफ ओटीएस में बघेरे की मौजूदगी के निशान मिलने के बाद वहां रह रहे लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। यहां कई परिवार रह रहे है। इस परिसर में विभिन्न सरकारी सेवाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलते रहते है। ओटीएस प्रशासन ने यहां गश्त बढ़ा दी है।