'पद्मावत' के विरोध में देश भर में करणी सेना व अन्य राजपूत संगठनों का प्रदर्शन उग्र व हिंसक हो गया है। राजस्थान में विरोध घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। भीलवाड़ा शहर में आज एक युवक पेट्रोल की बोतल के साथ बीएसएनएल के 350 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया है। करणी सेना के संरक्षक लोकेन्द्र सिंह कालवी ने आज गुरुग्राम में पत्रकार वार्ता में फिर से 'पद्मावत' के मेकर्स को फिल्म नहीं रिलीज करने की चेतावनी दी।
भीलवाड़ा में टावर पर चढ़ा युवक करणी सेना का पदाधिकारी ही बताया जा रहा है, जिसका नाम उपेन्द्र सिंह है। सिंह का कहना है कि जब तक 'पद्मावत' को देश भर में बैन नहीं किया जाएगा, तब तक वह टावर से नहीं उतरेगा।
युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। टावर के नीचे भीड़ लगी हुई है और बार-बार पुकारने के बाद भी वह टावर से उतरने को तैयार नहीं है।