अपने बयानों को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने 'पद्मावत' विवाद पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सवाल किया है कि देश में अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर क्या कोई भी गांधी जी को भांगड़ा या कथक करते दिखा सकता है क्या?'
केंद्रीय सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने ये बयान बीकानेर में दिया। वे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन का उद्घाटन करने बीकानेर पहुंचे। इससे पहले बीकानेर पहुंचने पर यहां रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
गिरिराज सिंह ने मीडियाकर्मियों द्वारा पद्मावत फिल्म को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होनें कहा कि हमेशा से ही हिंदू धर्म को फिल्मों में निशाने पर लिया जाता है। उन्होंने पूछा कि फिल्मकार अन्य धर्मों को लेकर इस तरह की कोई विवादित फिल्म क्यों नहीं बनाते?