धरतीपुत्र संकट में हैं और सरकारों के प्रयास भी सफल होते नजर नहीं आ रहे हैं। एक ओर मध्य प्रदेश में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं, वहीं अब राजस्थान में भी किसान लगातार आत्महत्याएं कर रहे हैं।
विशेषकर राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र के किसान लहसुन की बंपर पैदावार के बाद दाम नहीं मिलने से परेशान हैं। इसी का नतीजा है कि कोटा के किशनगंज में आज एक और किसान ने फंदे से लटककर जीवनलीला समाप्त कर ली। गौरतलब है कि बीते दो माह में हाड़ौती क्षेत्र में दो और किसान मौत को गले लगा चुके हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किसान का नाम बनवारी लाल है और उसने घर के बाड़े में आत्महत्या की है। परिजनों के अनुसार किसान लहसुन की फसल के सही दाम नहीं मिलने से परेशान था। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है।
गौरतलब है पूर्व में आत्महत्या करने वाले किसान भी लहसुन की फसल के सही दाम नहीं मिलने से ही परेशानी में थे।