प्रदेश में स्वाइन फ्लू का मर्ज बढ़ता ही जा रहा है। रोजाना पॉजीटिव मरीजों के सामने आने के बाद फिर एक जने की मौत हो गई।
उदयपुर संभाग के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में बीती रात स्वाइन फ्लू से पीड़ित वृद्ध की मौत हो गई। मृतक चित्तौडगढ़ जिले के चिकारड़ा का रहने वाला था। यहां चिकित्सालय के ओपीडी में जांच के दौरान 28 नए रोगी स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए। स्वाइन फ्लू आइसोलेशन वार्ड में वर्तमान में 35 रोगी भर्ती हैं। इनमें से एक की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। संभाग में गत डेढ़ माह में स्वाइन फ्लू से अब तक कुल 18 लोगों की मौत हो चुकी है। अस्पताल अधीक्षक विनय जोशी के अनुसार जांच में स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए रोगियों में चित्तौडगढ़ के 11, उदयपुर के 8, प्रतापगढ़ के 3 और राजसमंद, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा के एक-एक रोगी शामिल हैं।
गौरतलब है कि इस साल पूरे प्रदेश में स्वाइन फ्लू से 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। हालात ये हैं कि आए दिन मौतों का सिलसिला अभी भी जारी है।