संपत्ति के लालच में अपने सास-ससुर और जेठ की नृशंस हत्या कर देने वाली हत्यारी बहू का साथ देने वाला भाई भी गिरफ्तार हो गया है। अलवर जिले के रामगढ़ में हुए इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी हरियाणा निवासी गीता का भाई समरपाल को भी आज अलवर पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार गीता के भाई समरपाल को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस को उसके पास एक लाख रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। इससे पहले अलवर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी गीता और उसके नौकर विकास को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
बता दें कि प्रॉपर्टी के लालच में अपने सास,ससुर और जेठ की हत्या कर उनकी लाशों को जला देने वाली गीता ने अपने भाई एवं नौकर के साथ मिलकर के इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। अब मामले के तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। ऐसे में अब तीनों से पुलिस एकसाथ पूछताछ करेगी जिसके बाद कुछ और राज से भी पर्दा उठ सकता है।