भारत-पाक सीमा से सटे सरहदी जिले की पुलिस ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कोतवाली में वाट्सएप ग्रुप पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। समूचे प्रकरण में अनुसंधान प्रारंभ करने के साथ ही उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जिला जैसलमेर गौरव यादव के निर्देशानुसार कोतवाली थानाधिकारी पारस सोनी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
इस दौरान अनुसंधान टीम द्वारा ग्रुप में आए कमेंट्स की जांच की गई तथा ग्रुप एडमिन एवं अन्य सदस्यों से पूछताछ की गई। मामले की जांच कर रही टीम द्वारा ग्रुप में से गलत कमेंट्स करने वाले शख्स का मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया गया जिसके बाद मोबाइल धारक के बारे में जानकारी प्राप्त की गई तो प्राप्त नंबर मोती सोलंकी पुत्र रूगाराम सोलंकी निवासी अम्बावाड़ी शिव, बाड़मेर के रूप में उसकी पहचान हुई। नाम,पता लगने पर टीम द्वारा तुरंत मोती सिंह के पैतृक गांव पहुंची और उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान चिन्हित नंबर को गिरफ्तार व्यक्ति ने पुलिस के सामने नंबर अपने नाम होना और वॉट्सएप पर आपत्तिजनक कमेंट करना भी स्वीकार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मोती सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने जिलेवासियों से सोशल मीडिया पर सावधानी बरतते हुए गलत कमेंटस नहीं करने की अपील भी की है।