तैयारियों का जायजा लेते अधिकारी
- फोटो : amar ujala
दो दिन बाद 18 अगस्त को कोटा की उम्मीदों को पंख लगने वाले हैं। कई सालों से चली आ रही हवाई सेवा की मांग आखिरकार अब पूरी होने वाली है।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 18 अगस्त को कोटा में हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगी। आज प्रमुख शासन सचिव पीके गोयल और सिविल एविएशन के निदेशक ईश्वर सिंह ने कोटा पहुंचकर हवाई सेवा शुरू करने की तैयारियों का जायजा लिया। दोनों बड़े अधिकारियों ने कोटा कलक्टर और एसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ कोटा एयरपोर्ट का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने हवाई सेवा शुरू करने में आ रही छोटी-मोटी दिक्कतों को तुरंत दूर करने निर्देश दिए।
सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव पीके गोयल ने बताया कि कोटा में 18 अगस्त से शुरू हो रही इस विमान सेवा में 9 सीटर विमान को उड़ाने की हरी झंडी मिल गई है। शुरुआत में कोटा से जयपुर के लिए इस विमान सेवा को शुरू किया जा रहा है। जिसे बाद में प्रदेश के दूसरे बड़े शहरों और दिल्ली तक विस्तार कर जोड़ा जाएगा। कोटा से जयपुर तक किराया करीब दो हजार से ढाई हजार के बीच रहेगा।