सवाई माधोपुर के जिला अस्पताल में बुधवार सुबह डॉ महेन्द्र जैन की एक प्रसूता के परिजनों ने पिटाई कर दी। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक जैन ने प्रसूता के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अन्य चिकित्सकों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कार्य बहिष्कार कर दिया है। दरअसल एक महिला कुछ दिन पूर्व डॉ महेन्द्र जैन से चिकित्सकीय परामर्श लेने आई थी। लेकिन वह उनके पास आने से पूर्व किसी अन्य चिकित्सक से भी परामर्श ले चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि इस बात से डॉ जैन नाराज हो गए और महिला के साथ उन्होंने काफी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जिसका आॅडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बुधवार सुबह डॉ जैन के साथ हुई मारपीट के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची है। पुलिस के अनुसार घटना की जांच की जा रही है। वहीं एक चिकित्सक की अस्पताल में पिटाई के बाद अन्य चिकित्सकों में खासा रोष है।