अजमेर के केकड़ी में एक 40 वर्षीय अधेड़ उम्र की महिला को डायन बताकर नृश्ंस हत्या कर देने के मामले में पुलिस का ढीला रवैया सामने आया है। जानकारी के अनुसार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा द्वारा इस मामले में खुद प्रसंज्ञान लेने के बावजूद भी पुलिस आराम से बैठी हुई है वहीं आरोपियों पर अब तक ना तो कोई कार्रवाई की गई और ना ही उनपर कोई मामला दर्ज किया गया है।
'अमर उजाला' ने जब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा से इस मामले पर बात की तो उन्होनें कहा कि कल रात में ही इस घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद मैंने फौरन अजमेर एसपी राजेन्द्र सिंह चौधरी को तुरंत से इस मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। शर्मा को जब बताया गया कि अब तक संबंधित थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है तो उन्होनें इसे आदेशों की अवहेलना बताते हुए पुलिस पर कार्रवाई करने की बात की है।