जेईई—एडवांस और एम्स एग्जाम में अपना लोहा मनवा चुके कोटा जिले का दबदबा इस बार नीट—2017 के रिजल्ट में भी शुक्रवार को देखा गया है। जिसके बाद यहां कोटा शहर में विद्यार्थियों ने जमकर जश्न मनाया।
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को मेडिकल संस्थानों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इन परिणामों में एक बार फिर कोटा में पढ़ने वाले छात्रों ने अपनी जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। टॉप—10 की बात करें तो कोटा के छह छात्रों ने इसमें अपनी जगह बनाई है, वहीं टॉप—100 में करीब 35 छात्र—छात्राओं के सफल होने की जानकारी मिली है। टॉप—10 में आॅल इंडिया लेवल पर दूसरी रैंक अर्चित गुप्ता की रही, तीसरी रैंक मनीष मूलचंदानी, पांचवी अभिषेक डोगरा, सातवीं कनिष्क तेयाल, नवीं आर्यन राज सिंह और दसवीं रैंक पर तनिष बंसल ने बाजी मारी।
उधर, नीट के नतीजे आने के बाद कोटा के कोचिंग संस्थानों में जमकर जश्न मनाया गया। छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी जमकर डीजे की धुनों पर डांस किया। गौरतलब है कि मई महीने में हुई इस अखिल भारतीय परीक्षा पर मदुरे कोर्ट में दाखिल एक याचिका के चलते रोक लग गई थी और अब कोर्ट के आदेश पर परिणाम जारी किया गया है। इस परीक्षा में पूरे देश से 11 लाख 32 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। यह परीक्षा एमबीबीएस की 65,000 और बीडीएस की 25000 सीटों के लिए हुई थी।