असहाय व गरीब बच्चों की सहायता के लिए विदेशी पावणों द्वारा निकाली गई 'रिक्शा रन रैली' धोरों की धरती पर आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।
जैसलमेर के बाजारों में रंग-बिरंगे रंगों से सजी-संवरी टैक्सियों को जब विदेशी सैलानी चलाते नजर आए तो हर किसी की आंखें दंग रह गई। जरुरतमंद बच्चों के लिए पहनने के लिए कपड़े, रहने के लिए जगह और पढ़ने के लिए स्कूल और अध्ययन सामग्री के साथ विभिन्न प्रकार की चैरिटी के लिए हर साल विदेशियों द्वारा की जाने वाली रिक्शा रन स्वर्णनगरी में संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार द रिक्शा रन 2017 के तहत विदेशियों का कारवां 14 अगस्त को कोचिन से 103 टैक्सियों के साथ रवाना हुआ। 170 सदस्यीय दल ने जैसलमेर में कार्यक्रम को पूर्ण किया। रिक्शा रन रैली के सफर की शुरुआत कोचिन से हुई, उसके बाद भारत के विभिन्न शहरों का भ्रमण करते हुए सभी जैसलमेर पहुंचे। रिक्शा रन रैली का स्वर्णनगरी में चक्कर लगाने के साथ ही कार्यक्रम का समापन किया गया।