राजस्थान की दो महिला मंत्री शुक्रवार को दिल्ली में थी। इस दौरान उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान इन मंत्रियों ने विभिन्न योजनाओं में तय राजस्थान का हक अब तक नहीं मिलने की शिकायत की।
राजस्थान की उच्च, तकनीकी, संस्कृत शिक्षा एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री किरण माहेश्वरी ने नई दिल्ली में शुक्रवार को केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात कर गोविंद गुरू जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा के माध्यम से पुरातन औषधीय ज्ञान के पुनर्भव एवं अनुसंधान के लिए एक शोध पीठ की स्थापना की मांग की। उन्होंने कहा कि शोघ पीठ की स्थापना के लिए भारत सरकार ‘फाईनेंशियल असिसटेंस फॉर सपोर्ट टू सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत एकमुश्त सहायता दे सकती है।
किरण माहेश्वरी ने केन्द्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा से मुलाकात कर कृष्णा सर्किट योजना में राजसमंद के द्वारकाधीश मंदिर को जोड़कर विकास कार्य करवाने की मांग की। उन्होंने द्वाराकाधीश मंदिर पर राजसमंद झील के अंदर मंदिर के पास एलिवेटिड पार्किंग निर्माण, लैंड स्केपिंग का कार्य, मंदिर एवं उसके आसपास लाईटिंग की व्यवस्था, दर्शनार्थियों के लिए टॉयलेट की सुविधाएं विकसित करवाने का आग्रह किया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने एवं स्थानीय कला विरासत संरक्षण एवं प्रोन्नति हेतु पर्यटन मंत्रालय की पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत नगर परिषद राजसमंद में ऑडिटोरियम एवं पुस्तकालय के निर्माण कराए जाने की स्वीकृति एवं वित्तीय सहयोग का भी आग्रह किया। उन्होंने राजसमंद के प्रमुख पर्यटन स्थल ‘नौ चौकी’ के शिलान्यास के लिए भी महेश शर्मा को आमंत्रित किया।
केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलात राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात कर माहेश्वरी ने भरतपुर स्थित विश्वविद्यालय को मंत्रालय के मल्टी सैक्टोरल डवलपमेंट कार्यक्रम के तहत वित्तीय सहयोग की और केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री बंडारू दत्तात्रोय से उदयपुर संभाग के मार्बल उद्योग में काम करने वाले मजदूरों को चिकित्सीय राहत देने के लिए ई.एस.आई. अस्पताल स्थापित करने का आग्रह किया।