'पद्मावत' के जैसे बवाल अब कंगना रानौत स्टारर 'मणिकर्णिका-द क्वीन अॉफ झांसी' के ऊपर मंडराने लगे हैं। गृहमंत्री ने भी इस मामले को गम्भीरता से लिया है। इस फिल्म को लेकर इस बार राजपूत समाज नहीं, बल्कि ब्राह्मण समाज ने आपत्ति जताई है और फिल्म की शूटिंग रोके जाने की मांग की है। 'मणिकर्णिका' की शूटिंग इस समय राजस्थान के बीकानेर में चल रही है।
जानकारी के अनुसार सर्व ब्राहृम्ण महासभा के अध्यक्ष पं.सुरेश मिश्रा के नेतृत्व में गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया को सभा की ओर से बताया गया कि प्रदेश में 'पद्मावत' जैसा बवाल न हो, इसके लिए फिल्म की शूटिंग के लिए एक शपथ पत्र भरवा लिया जाए। महासभा ने मांग की है कि जब तक निर्माता द्वारा सरकार को शपथ पत्र नहीं दिया जाए, तब तक इस फिल्म की शूटिंग रोक दी जाए।
सर्व ब्राहृम्ण महासभा ने गृहमंत्री को बताया कि केवल राजस्थान से ही नहीं बल्कि पूरे देश से ही इस फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि इसमें ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई है। इसके बाद राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने इस संबंध में संबंधित विभाग को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
ये हो शपथ पत्र में और गृहमंत्री ने दिए निर्देश
manikarnika
महासभा ने कहा कि एेतिहासिक तथ्यों पर बनने वाली फिल्म को लेकर राजस्थान सरकार शपथ पत्र लिया करे, जिसमें निर्माता आश्वासन देगा कि उसने एेतिहासिक तथ्यों से छड़छाड़ नहीं की है। महासभा ने गृहमंत्री से फिल्म की शूटिंग को भी रुकवा देने के लिए कहा है, क्योंकि सभा का मानना है देश की अस्मिता का प्रतीक झांसी की रानी का अपमान होने से देश की ही बदनामी होगी।
मिश्रा ने बताया कि अब तक इस फिल्म की जयपुर, जोधपुर एवं झुंझुनूं जिले में शूटिंग हो चुकी है और इसके बाद अब बीकानेर में फिल्म के कुछ भाग को शूट किया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में अगर फिल्म की शूटिंग को तुरंत प्रभाव से रोका नहीं गया, तो आने वाले कुछ समय में ही यहां भारी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इधर मामले की गंभीरता को समझते हुए राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कला एवं संस्कृति विभाग को ऐतिहासिक तथ्यों पर बनने वाली फिल्म को लेकर शपथ पत्र व्यवस्था लागू करने के दिशा निर्देश दिए हैं, जिससे की भविष्य में ऐतिहासिक फिल्मों में इतिहास से छेड़छाड़ नहीं हो पाए।
गौरतलब है कि इस फिल्म को बाहुबली फेम एस.एस. राजामौली के पिता के.वी विजयेंद्र प्रसाद हैं, जिन्होंने बाहुबली और बजरंगी भाईजान जैसी ब्लॉक बस्टर फिल्में लिखी हैं।