संदिग्ध शख्स के पास से बरामद हुआ सामान
- फोटो : amar ujala
आज एक 'नटवरलाल' ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया और उसके पास से मिले सामान के बाद हर कोई हैरानी में पड़ गया। दरअसल उदयपुर संभाग के चित्तौड़गढ़ में आज सुबह आकोला गांव के लोगों ने एक शख्स की बुरी तरह पिटाई कर डाली लेकिन वो शख्स भागने में कामयाब हो गया।
इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि उस आदमी के पास नौ बैंक की पासबुक हैं और सात चेक बुक भी मिली हैं। वहीं उसके पास कई लोगों के आधार कार्ड भी मिले। बताया गया है कि वह आदमी किसी को अपनी जाति कुछ और तो किसी को कुछ और बताता था।
ग्रामीणों को उसके पास से दो मोबाइल और पांच एटीएम कार्ड भी मिले थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वह फतहनगर क्षेत्र से किसी से 18 हजार रुपए ठग कर लाया है। हालांकि, पिटाई के बाद वह युवक फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों को उसके पास से बरामद हुए सामान को पुलिस को सौंप दिया है।
ग्रामीणों के ही प्रयास से पुलिस तक भी मामला पहुंचा, जिसके बाद अब पुलिस फरार युवक और उसके झांसे में आए किसी फरियादी को ढूंढ रही है, ताकि मामला दर्ज किया जा सके।