संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म 'पद्मावती' को लेकर श्री राजूपत करणी सेना के संरक्षक लोकेन्द्र सिंह कालवी ने आज चेतावनी देते हुए कहा है कि राजपूतों ने सिर कटाकर इतिहास रचा था अब सिर गिनाकर इतिहास दोहराया जाएगा।
कालवी ने आज जयपुर के राजपूत सभा भवन में फिल्म 'पद्मावती' की रिलीज डेट 1 दसम्बर को भारत बंद का आह्वान किया और सख्त लहजे में निर्माताओं से फिल्म को रिलीज नहीं करने के लिए कहा। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि राजपूत अनुशासन से जीवन व्यतीत करता है, लेकिन उसके शांत स्वाभाव को गलत नहीं समझा जाए।
कोटा के मॉल में 'पद्मावती' का ट्रेलर दिखाने पर हुई तोड़फोड़ को लेकर कालवी ने कहा कि धैर्यशील राजपूत युवा सुनवाई नहीं होने पर अब गैर अनुशासित होने को मजबूर होने लगे हैं, इसे चेतावनी समझा जाए।