बकरीद के दिन एक कश्मीरी छात्र द्वारा गाय को लेकर किए गए आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट से यहां हंगामा मच गया है। मामला इतना बढ़ गया कि प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस ने लिखित शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये संवेदनशील मामला राजस्थान के उदयपुर जिले में सामने आया है। फेसबुक पोस्ट के बाद विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उमरड़ा स्थित एसएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पहुंचे और वहां जोरदार विरोध दर्ज करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि छात्र के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही कर उसकी डिग्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
कॉलेज प्रशासन ने इसी बीच लिखित में कहा है कि संबंधित छात्र का ये प्रयास एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और संबंधित यूनिवर्सिटी व एआईसीटीई को भी कार्यवाही करने को कहा जाएगा।