जस्टिस पंकज मिथल ने हाईकोर्ट मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली।
- फोटो : सोशल मीडिया
जस्टिस पंकज मिथल राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं। शुक्रवार शाम 4 बजे राजभवन जयपुर में उन्होंने पद की शपथ ली। ये शपथ हिंदी में ली गई। राज्यपाल कलराज मिश्र ने शपथ दिलवाई। जस्टिस मिथल राजस्थान हाईकोर्ट के 40वें चीफ जस्टिस हैं।
बता दें कि 1 अगस्त 2022 को राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एसएस शिंदे सेवानिवृत्त हो गए थे। तब से जस्टिस एमएम श्रीवास्तव काम संभाल रहे थे। सितंबर 2022 के आखिरी सप्ताह में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) यूयू ललित की अध्यक्षता में हुई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में जस्टिस पंकज मिथल का ट्रांसफर जम्मू कश्मीर हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट में करने की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्रीय लॉ मिनिस्ट्री ने 11 अक्टूबर को जस्टिस पंकज मिथल का तबादला राजस्थान हाईकोर्ट करने का आदेश निकाला।
शुक्रवार को राजभवन में हुए समारोह में मुख्य सचिव उषा शर्मा ने जस्टिस मिथल को शपथ दिलवाने का आग्रह किया। समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, मंत्रिमंडल सदस्य, जनप्रतिनिधि, हाईकोर्ट जज, अधिकारी, एडवोकेट्स और जस्टिस मिथल के परिजन मौजूद रहे।