जवाहर कला केंद्र में सोमवार को जूनियर समर कैम्प की शुरुआत हुई। कैम्प एक महीने तक चलेगा। इस ग्रीष्मकालीन शिविर में लगभग 450 बच्चे भाग ले रहे हैं।
कैम्प के तहत सुबह 'थिएटर' एवं 'द स्टोरी ट्री' दो कार्यशालाओं की शुरुआत हुई। द स्टोरी ट्री बच्चों के लिए बेहद खास कार्यशाला है, इसे इस रोचक तरह से डिजाइन किया गया है। इससे बच्चों में पढ़ने की आदत को विकसित किया जा सकेगा। इस वर्कशॉप में पांच से आठ साल की उम्र के बच्चे भाग ले रहे हैं। पल्लवी सिंह और गायत्री राजवाड़े बच्चों को प्रशिक्षण देंगी।
थिएटर वर्कशॉप में बच्चों को थिएटर के गुर सिखाएं गए। इसके लिए 8 से 18 वर्ष के बच्चों के नौ ग्रुप बना दिए गए हैं। थिएटर कार्यशाला में पद्मजा शर्मा, राजू कुमार, विशाल भट्ट, देवेन्द्र भाटी समेत अन्य कलाकार बच्चों को नाटक की बारिकियों की जानकारी देंगे।
जेकेके में शाम को म्यूजिक एवं डांस और विजुअल आर्ट की कार्यशालाएं शुरू हुई। म्यूजिक एवं डांस के तहत डॉ. रूप सिंह शेखावत ने लोक नृत्य, कामक्षी सक्सेना ने कंटम्प्रेरी डांस, परवीन मिर्जा ने लोक गायन और लवनीश शर्मा ने वेस्टर्न स्ट्रिंग्स (गिटार) पर कार्यशालाएं आयोजित की गई। ‘साउंड ऑफ म्यूजिक के तहत राजस्थान के पारंपरिक लोक वाद्ययंत्रों जैसे खड़ताल, मोरचन्द, नगाड़ा एवं ढोलक के बारे में बताया गया।