सरहदी जैसलमेर जिले की पुलिस ने कुछ ही घंटों में लूट के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। संभावना जताई जा रही है कि लूट के आरोपी से लूटपाट की अन्य वारदातों का राज खुल सकता है। जैसलमेर पुलिस ने मंगलवार सुबह चारों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार जेठाराम व उसका भाई खेताराम सब्जी मंडी में दुकान के आगे खड़े थे तभी एक टैक्सी में सवार होकर आए चार जने उतरे और पीड़ितों से शराब के लिए पैसे मांगने लगे और पैसे देने से मना करने पर चारों ने उनके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी और लकड़ी का डंंडे और धारदार चाकू से हमला कर दिया। शोर मचाने पर मंडी के अन्य व्यापारी व मजदूर बीच बचाव करने पहुंचे गए। इसी दौरान हमलावरों ने एएक पीड़ित के गले में पहनी सोने की चेन व जेब में सब्जी की उगाही के बीस हजार रूपए जबरदस्ती छीन लिए और मौके से भाग गए। धारदार हथियार से हमला करने पर सब्जी मंडी के व्यापारी को पेट पर चोटें आई है। कोतवाली थाना पुलिस ने लूट एवं जान से मारने की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।
स्पेशल टीम ने की कार्रवाई
जैसलमेर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता दिखाई और एक स्पेशल टीम का गठन किया। इस कार्रवाई में हमलावर जसवंतसिंह उर्फ जसु,जयवर्धनसिंह,देवेन्द्रसिंह,आनंद सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल से जोधपुर की तरफ भाग रहे थे लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।