जयपुर में पुलिस ने बिजेंद्र उर्फ बिरजू को गिरफ्तार किया।
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पिछले एक साल से फरार चल रहे बिरेंद्र उर्फ बिरजू को पुलिस ने आमेर में छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हत्या और हत्या के प्रयास के सात मामले दर्ज है। नया मामला पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने से जुड़ा है। तीन साल पहले जिस शख्स का बिरजू ने अपहरण कर घर वालों से सवा लाख रुपये लिए थे, उसी को फोन पर धमकी दी थी। कहा था कि पांच लाख रुपये नहीं दिए तो जान से मार दिया जाएगा।
जयपुर (पश्चिम) डिप्टी कमिश्नर वंदिता राणा ने बताया कि बगरू पुलिस थाने में 21 सितंबर को वेदप्रकाश सैनी ने रिपोर्ट की थी। उसका कहना था कि उसके पास 29 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति ने उसे फोन किया था। उसने कहा कि 'मैं बिजेंद्र उर्फ बिरजू बोल रहा हूं। मेरी बात गौर से सुन। तू मुझे पांच लाख रुपये की रंगदारी देगा। तू मुझे पांच लाख रुपये नहीं देगा तो तुझे और तेरे परिवार वालों को जान से मार दूंगा। पहले वाले मुकदमे में राजीनामा भी करना पड़ेगा। तू यह दोनों काम कर दे, मैं तुझे कुछ भी नहीं कहूंगा। बिरजू ने तीन साल पहले धमकी देकर अपहरण कर लिया था। मेरे परिवार ने सवा लाख रुपये देकर छुड़ाया था। इसका मुकदमा जवाहर सर्किल थाने में दर्ज है। बिजेंद्र उर्फ बिरजू एक खतरनाक बदमाश है। वह मुझे डराकर रुपये मांग रहा है। मुझे डराकर रुपये मांग रहा है।' इस शिकायत के आधार पर बगरू पुलिस थाने में प्रकरण संख्या 302/21 के तहत धारा 384 आईपीसी में केस दर्ज हुआ। जांच में पता चला कि बिजेंद्र धमकी देने के बाद घर भाग गया था। कुछ दिन की जांच के बाद पता चला कि वह आमेर में छिपा हुआ है। पुलिस ने छापा मारकर उसे पकड़ा और पूछताछ की गई। उसके खिलाफ पहले भी हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और अपहरण के कई मामले दर्ज है।