जवाहर नगर पुलिस थाने के अनुसार यह वारदात शहर में सेक्टर सात में रहने वाले कारोबारी दीपक शर्मा के घर की है। जानकारी के अनुसार घटना के समय मकान मालिक दीपक शर्मा का बेटा विनीत घर पर अकेला था। पुलिस ने बताया कि तीन बदमाश फर्जी अधिकारी बनकर दीपक के घर पहुंचे और घर खंगालने लगे। इस दौरान उन्हें घर से 23 लाख रुपये मिले, जिसे लेकर बदमाश फरार हो गए।
बदमाशों के घर से जाने के बाद विनीत ने पिता को घटना से अवगत कराया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। ऐसे में सूचना मिलते ही डीसीपी ईस्ट अभिजीत सिंह समेत क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस फिलहाल पीड़ित दीपक शर्मा और उनके बेटे से पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में पता चला कि विनीत एसीबी अधिकारी के नाम से डर गया और डर के चलते उसने बदमाशों को घर में रखे 23 लाख रुपये के बारे में बता दिया।
विनीत ने पूछताछ के दौरान बताया कि बदमाशों के घर से जाने के बाद उसे इस रेड पर शक हुआ तो उसने पहले पिता को और फिर पुलिस को मामले की सूचना दी। इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी कर ली जाएगी।