कांग्रेस की ओर से जयपुर सड़क और विकास की मांग को लेकर चलाए जा रहे पैदल मार्च अभियान में रविवार को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट भी शामिल होंगे।
पैदल मार्च प्रत्येक रविवार को विधानसभावार आयोजित होता है। इस रविवार यानि 21 मई को किशनपोल विधानसभा में ये पैदल मार्च आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे चांदपोल हनुमान जी मंदिर से शुरु होगा। इस दौरान सभा भी आयोजित होगी जिसे सचिन पायलट संबोधित करेंगे।
इस पैदल मार्च की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास ने ली। उन्होंने आरोप लगाया कि जयपुर शहर के आठों विधानसभा क्षेत्र एमएलए और एमपी जनता की आवाज नहीं सुन रहे हैं। इसलिए ये पैदल मार्च आयोजित कर उनके कार्यकाल में काम नहीं होने की पोल खोली जा रही है। जब तक जयपुर की सभी सडकें ठीक करके विकास कार्य शुरु नहीं होगा, यह अभियान जारी रहेगा।
प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की मीटिंग में कांग्रेस नेता अमीन कागजी, ज्योति खण्डेलवाल, बृजकिशोर शर्मा, आर.आर. तिवाडी, निजाम कुरेशी आदि मौजूद थे।