सबसे मुश्किल चुनौतियों में से एक आयरनमैन चैलेंज में इस बार एक ऐसे शख्स ने बाजी मारी है जिसे इस प्रतियोगिता के बारे में कुछ पता नहीं था और जब पता चला तो चैलेंज पूरा करने की ठान ली। इस बार आयरनमैन चैलेंज को पूरा किया है कोटा के रहने वाले युवक मृगेश गुप्ता ने।
कोटा के मृगेश ने पिछले दिनों चेन्नई में आयोजित ट्रायथेलॉन में आयरन मैन चैलेंज को पूरा किया है। इसमें उन्होंने 17 घंटे 10 मिनट में 3.9 किमी तैराकी, 180 किमी साइक्लिंग, 42 किमी दौड़ पूरी की है। ऐसा करने वाले मृगेश कोटा के पहले और राजस्थान के दूसरे एथलीट बन गए हैं। इससे पहले जयपुर के नरेन्द्र खर्रा आयरनमैन का चैलेंज पूरा कर चुके हैं।
बड़ी बात यह कि 15 महीने पहले तक मृगेश को यह भी नहीं पता था कि आयरन मैन चैलेंज होता क्या है, यहां तक की प्रोफेशनल तैराकी भी नहीं आती थी। हल्का-फुल्का तैरना आता था। इन सबके बावजूद इरादा बनाया और जीत हासिल करने के लिए दिन-रात एक कर दिए। दैनिक दिनचर्या, शिक्षण के कार्य को यथावत रखते हुए ऐसी तैयारी की कि आयरन मैन का चैलेंज पूरा करके ही माने।