दो साल बाद राजस्थान में क्रिकेट का हल्ला बोल गूंजेगा। आईपीएल के 11वें संस्करण में राजस्थान रॉयल्स टीम की दो साल बाद वापसी होगी। इसके लिए जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम मैचों के आयोजन को लेकर पूरी तरह से तैयार है।
आईपीएल के आॅक्शन प्रोग्राम की शुरुआत हो चुकी है। आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने घोषणा की है कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और बीसीसीआई के बीच काफी लंबे समय से चला विवाद आखिर खत्म हो चुका है और अब राजस्थान में आईपीएल मैच खेले जाएंगे। बीसीसीआई के कार्यकारी अधिकारी अमिताभ चौधरी ने भी मंच से आरसीए और बीसीसीआई के बीच विवाद खत्म होने की आधिकारिक सूचना दी।
चौधरी ने कहा कि हम फिर से भारतीय क्रिकेट जगत की दो बड़ी संस्थाओं का स्वागत करते हैं। उन्होनें आगे कहा कि राजस्थान हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अब बीसीसीआई ने तय किया है कि आगामी आईपीएल के इस संस्करण में राजस्थान रॉयल्स टीम के सभी मैचों को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित कराया जाएगा जिसके लिए आरसीए को हमने तैयारियां करने के निर्देश दे दिए हैं।