राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर बैंच ने सड़क हादसों को टालने के लिए बुधवार को परिवहन विभाग में रिक्त पदों पर पदस्थापना और यातायात पुलिस नफरी बढ़ाने के निर्देश राज्य सरकार को दिए हैं।
जोधपुर में मंगलवार को पाल रोड पर एक बेलगामम सिटी बस ने सड़क पर जा रहे मां—बेटे को चपेट में ले लिया था। हाईकोर्ट ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए स्वप्रेरणा से प्रसंज्ञान लेकर आवश्यक निर्देश दिए। जस्टिस गोपालकृष्ण व्यास व जस्टिस दिनेश मेहता की खंडपीठ ने प्रसंज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस अधीक्षक,आरटीओ व सिटी बस यूनियन के पदाधिकारियों को तलब किया।
मामले की सुनवाई के दौरान यातायात पुलिस अधीक्षक भूवन भूषण,आरटीओ अर्जुनसिंह व यूनियन के पदाधिकारी कोर्ट में हाजिर हुए। जस्टिस व्यास ने हादसे के लिए जिम्मेवारों के खिलाफ कठोर एक्शन लेने के निर्देश दिए। वहीं सरकार की ओर से पैरवी करते हुए एएजी शिवकुमार व्यास ने बताया कि समय समय पर कारवाई की जा रही है। सुनवाई के दौरान आरटीओ अर्जुनसिंह ने कहा कि फिलहाल परिवहन विभाग में अधिकारियों की कमी के चलते जांच नही हो पा रही है इस पर हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिए हैं कि रिक्त पदो पर जल्द से जल्द पदास्थापन की जाए। पुलिस विभाग को भी यातायात में पुलिस नफरी बढाने के निर्देश जारी किए है। हाईकोर्ट ने अधिकारियों से पन्द्रह जुलाई को प्रगति रिपोर्ट मांगी है।