पहले कबूतर, फिर बाज और अब ड्रोन, भारत पाक सीमा पर बसे सरहदी जिले में संदिग्ध गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। चाक चौबंद व्यवस्था के बीच इस तरह की गतिविधियों के चलते सरहद पर और भी कड़ी चौकसी रखी जा रही है।
दरअसल भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित राजस्थान के जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में आज सुबह झाड़ियों में एक कैमरा लगा ड्रोन फंसा हुआ दिखा। इलाके के दो ग्रामीणों ने इसे देखा तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आकर ड्रोन को अपने कब्जे में लिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ड्रोन पर नीले रंग से डीजेआई लिखा है और कैमरे के नीचे की तरफ मॉडल नम्बर लिखे गए हैं। ड्रोन पर फैंटम लिखा है, जो संभवतया कम्पनी का नाम हो सकता है। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह पाकिस्तान से आया हो सकता है।