आयकर विभाग अन्वेषण शाखा जयपुर टीम की ओर से जयपुर और जोधपुर में एक ठेकेदार और एक डायमंड व्यापारी के जोधपुर स्थित ठिकानों पर सर्वे की कार्रवाई की जा रही हैं। सर्वे में जयपुर, गंगानगर, कोटा, बीकानेर और भीलवाड़ा के करीब 56 से अधिक अधिकारी कार्रवाई में जुटे हैं। आयकर सर्वे में दोनों के यहां से करोड़ों की अघोषित आय उजागर हो सकती है।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार जोधपुर में ठेकेदार देवेंद्र बुड़किया के उम्मेद भवन पैलेस रोड राईका बाग मकान, उसके पैतृक गांव गुढ़ा के साथ ही जयपुर ठिकाने पर सर्वे की कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह लोढ़ा ग्रुप और डायमंड व्यापारी आदित्य लोढ़ा के मकान शोरूम के साथ ही 34 ठिकानों पर भी सर्वे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि आदित्य लोढ़ा ने नोटबंदी के दौरान अपने चालक के खाते में लाखों की रुपए की राशि जमा करवाई थी। साथ ही ड्राइवर के खाते में करीब एक करोड़ का टर्न ओवर किया था। संभवतया इसको लेकर आयकर विभाग की टीम सर्वे की कार्रवाई को अंजाम दे रही है। आदित्य लोढ़ा से भी इस संबंध में पूछताछ चल रही है। फिलहाल आयकर विभाग के सर्वे की कार्रवाई ठेकेदार और लोढ़ा ग्रुप के करीब आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर जारी है। कार्रवाई के देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। कार्रवाई में आयकर विभाग को इन दोनों के ठिकानों से करोड़ों रुपए की अघोषित आय उजागर होने की उम्मीद है।