जयपुर शहर के अतिरिक्त सत्र न्यायालय क्रम-1 ने अच्छी चाय न बनाने से नाराज होकर भाई की पत्नी को जलाकर मारने वाली महिला प्रकाश कंवर उर्फ पिंकी कंवर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने अभियुक्त पर छह हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत को बताया गया कि विवाहिता अभियुक्त मुहाना स्थित अपने माता-पिता के घर आई थी। यहां उसके भाई की पत्नी मीरा कंवर ने अभियुक्त को चाय बनाकर पिलाई। चाय अच्छी नहीं बनाने की बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। जिसके चलते अभियुक्त ने मीरा कंवर पर केरासिन उड़ेलकर आग लगा दी। मीरा ने 6 जुलाई 2012 को अस्पताल में पुलिस को दिए पर्चा बयान में घटना की जानकारी दी। वहीं अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।