राजस्थान के कई जिलों में बीते 24 घंटे से हो रही बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं। राजस्थान में बारिश के कारण अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं एक शख्स की तलाश जारी है। जालौर के भीनमाल के थोबाउ गांव में एक अध्यापक पानी में बह गया जिसकी तलाश की जा रही है।
बेकाबू हो रही बारिश ने आम आादमी से लेकर प्रशासन तक को लाचार कर दिया है। प्रभावित जिलों में लोग जगह-जगह लोग पानी में फंसे हुए है तो सैंकड़ों गांवों में जलभराव होने के कारण सम्पर्क टूट गया है। अधिक बारिश के कारण जो जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए है उनमें जालौर, सिरोही, पाली, उदयपुर प्रमुख हैं। सिरोही के माउंट आबू में अभी तक 30 इंच बारिश हो चुकी है।
इधर,पाली के रायपुर मारवाड़ इलाके में भी युवक बह गया जिसकी मौत हो गई। वहीं उदयपुर जिले के खेरवाड़ा में पानी के तेज बहाव के चलते दूध के ड्रम लेकर जा रही है एक पिकअप गाड़ी बह गई जिसमें सवार मां बेटी की मौत हो गई। उदयपुर के ही गोगूंदा इलाके में बारिश के कारण एक कच्चा घर ढह गया जिसकी दीवार के नीचे आए शख्स की मौत हो गई।
इधर, सिरोही में ही स्कूल से लौट रही दो छात्राएं बरसाती नारे में बह गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।