राजस्थान सीमा पर पहुंचे हार्दिक
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश भड़के किसान आंदोलन में गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी कूदने वाले हैं। उनका राजस्थान होते मंदसौर जाने का कयास लगाया जा रहा है। पटेल सोमवार की शाम राजस्थान पहुंच चुके है।
गुजरात पाटीदारआंदोलन के संयोजक एवं पटेल नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक पटेल सोमवार को अपने तय समय से करीब पांच घंटा देरी से राजस्थान की सीमा पर पहुंचे। दरअसल, शाम पांच बजे उनका कार्यक्रम उदयपुर की मावली तहसील के नामरी गांव में था, लेकिन वे पांच बजे राजस्थान की सीमा पर थे। उदयपुर में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। उनके कार्यक्रम को देखते हुए प्रतापनगर से नामरी तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इधर, पटेल के राजस्थान में प्रवेश के साथ ही कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। गौरतलब है कि पटेल सोमवार को नामरी गांव में स्नेह भोज के बहाने एकत्रित होने वाले किसानों को बिना माइक संबोधित करेंगे। हार्दिक के साथ गुजरात पटेल नव निर्माण सेना के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पटेल, राजकोट के प्रभारी बृजेश पटेल, जेडीयू के महामंत्री अखिलेश कटियार व अभय सिंह झाला भी हैं। यहां से उनका मध्यप्रदेश जाने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।