जैसलमेर के 17 गांवों को जल्द ही स्मार्ट विलेज की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके तहत युवाओं के लिए जिम और योगशाला भी खोले जाएंगे।
दरअसल, स्मार्ट विलेज योजना के तहत प्रदेश में 3169 गांवों का चयन किया गया है। इसके लिए सर्वे भी शुरू कर दिया गया है। योजना के तहत सरहदी जिले जैसलमेर में 17 गांवों का चयन कर उन्हें स्मार्ट बनाने की योजना है। इसके तहत इस वर्ष तीन हजार से अधिक आबादी वाले सभी गांवों में युवाओं को फिट व तंदुरूस्त रखने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यायामशाला व योगशाला विकसित की जाएंगी। यहां आकर ग्रामीण अपनी रुचि के अनुरूप योग व व्यायाम कर सकेंगे।
जैसलमेर जिले में मोहनगढ, नाचना, नोख, बडोडा, चांधन, रामगढ़, लखा, सतो, झिनझिनयाली, रामदेवरा, फलसूण्ड, गोमट, सांकडा, लाठी, लंवा, माडवा, छायण गांव स्मार्ट विलेज बनाए जाएंगे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारायणसिंह उज्जवल के अनुसार प्रदेश के बजट में इस वर्ष जिले के 17 गांवों को स्मार्ट गांव बनाने की स्वीकृति जारी हुई है। इन सभी गांवों में सर्व कार्य पूर्ण होने के साथ ही योजना बनाकर कार्य करवाया जाएगा।