देशभर में एक जुलाई से गुड्स व सर्विस टैक्स यानि जीएसटी लागू हो जाएगा। श्रीनगर में चल रही जीएसटी काउंसिल की बैठक में बृहस्पतिवार देर रात्रि को विभिन्न वस्तुओं की दरें तय कर दी गई। एक जुलाई से जीएसटी लागू होने के बाद राजस्थान में चीनी के साथ एसी व फ्रिज भी महंगें हो जाएंगे। जबकि अन्य दैनिय उपयोग की वस्तुएं टूथपेस्ट, साबुन आदि सस्ता हो जाएगी। जीएसटी काउंसिल की ओर से रात्रि को जो सूची जारी की गई है उसके अनुसार राजस्थान में चीनी पर करीब पांच फीसदी जीएसटी लगेगा।
अभी तक राजस्थान में चीनी पर कोई टैक्स नहीं है। जबकि एसी व फ्रिज पर कुल जीएसटी करीब 28 फीसदी लगेगा। अभी तक इन उत्पादों पर राजस्थान में 14.5 फीसदी वैट व 12.5 फीसदी एक्साइज ड्यूटी लगती है। जो कि कुल मिलाकर 27 फीसदी होता है। लेकिन काउंसिल के निर्णय के अनुसार इस कैटेगरी के उत्पादों पर कुल 28 फीसदी टैक्स तय किया गया है। हालंकि दैनिक उपयोग की वस्तुओं साबुन व हेयर आॅयल आदि पर अभी तक वैट और एक्साइज ड्यूटी मिलाकर कुल 26 फीसदी टैक्स लगता है।
लेकिन नए निर्णय के अनुसार इन उत्पादों पर अब केवल 18 फीसदी टैक्स लगेगा। जिससे यह उत्पाद अब सस्ते हो जाएंगे। इसके अतिरिक्त अन्य उत्पादों पर पांच फीसदी जीएसटी तय किया गय है जिनसे कीमतों में कोई खास अंतर नहीं आए। वहीं जीएसटी काउंसिल शुक्रवार को सेवा क्षेत्र पर निर्णय करेगी।