राजस्थान के कोटा में पिछले तीन दिन से चल रही ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट(ग्राम—2017) का समापन शुक्रवार को हुआ। इस मौके पर किसानों का सम्मान किया गया और उनके द्वारा खेती में किए गए नवाचारों की सराहना की गई।
यहां आरएसी ग्राउंड के मुख्य सभागार में आयोजित तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के समापन समारोह में प्रदेश के मंत्रियों ने किसानों को सम्बोधित किया। ग्राम—2017 के अंतिम दिन शिव हैल्थ फूड्स और राजस्थान सरकार के बीच 112 करोड़ रुपए का एमओयू साइन किया गया। एमओयू के तहत कंपनी कोटा के रानपुर एग्रो फूड पार्क में सोया प्रोटीन आइसोलेट उत्पादन के लिए प्लांट लगाएगी। जिससे करीब 111 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होगा। साथ ही, कृषि विभाग द्वारा संचालित आत्मा योजना के तहत चयनित श्रेष्ठ किसानों, पशुपालन विभाग द्वारा चयनित श्रेष्ठ पशुपालकों और आरसीडीएफ द्वारा चयनित श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादकों व समितियों को सम्मानित किया गया। अपनी मेहनत का सम्मान पाकर किसानों के चेहरे खिल उठे।
कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम आत्मा योजना के तहत कोटा जिले की लाडपुरा पंचायत समिति के किसान चैनसिंह, सुल्तानपुरा पंचायत समिति के किसान कृष्ण कुमार शर्मा, झालावाड़ जिले की पिड़ावा पंचायत समिति के किसान देवीलाल, मनोहरथाना पंचायत समिति के धर्मेन्द्र कुमार, बूंदी जिले की हिंडौली पंचायत समिति के किसान कुशाल सैनी, केशोरायपाटन पंचायत समिति के छीतरलाल, बारां जिले की शाहबाद पंचायत समिति के किसान कमल, अंता पंचायत समिति के दिनेश कुमार को सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा श्रेष्ठ पशुपालन की श्रेणी में चयनित कोटा जिले के ग्राम बंधा धर्मपुरा के श्रीलाल गुंजल, बूंदी जिले के ग्राम गुढ़ा नाथावत के बिजेन्द्र सिंह, बारां जिले के छतरपुरा गांव के उदयप्रताप सिंह, झालावाड़ जिले के गोविन्दपुरा ग्राम के तेजसिंह को पुरस्कृत किया गया।
राजस्थान कॉपरेटिव डेयर फेडरेशन लिमिटेड द्वारा श्रेष्ठ दुग्ध समिति श्रेणी में कोटा जिले की गरडदा दुग्ध समिति के धनराज, झालावाड़ जिले की चंवली दुग्ध समिति के पूरीलाल को सम्मानित किया गया। श्रेष्ठ पुरुष दुग्ध उत्पादक श्रेणी में कोटा जिले के गरड़दा गांव के उदयलाल और झालावाड़ जिले के डाबला गांव के करणीसिंह को सम्मानित किया गया। श्रेष्ठ महिला दुग्ध उत्पादक श्रेणी में कोटा के शोली गांव की नंदू यादव और झालावाड़ जिले के सेमली भवानी गांव की कैलाश कंवर को सम्मानित किया गया।