ये दिवाली सरकारी नौकरी की आस लगाए बैठे बेरोजगारों के लिए खुशखबर लेकर आई है। प्रदेश में 5000 से ज्यादा कांस्टेबल पद के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया गया है।
हम बात कर रहे हैं राजस्थान में निकाली गई कांस्टेबल के 5390 पदों पर भर्ती की। दरअसल पुलिस मुख्यालय की ओर से निकाली गई इस भर्ती के लिए आगामी 23 अक्टूबर से आॅनलाइन आवेदन पत्र भरे जा सकेंगे। आॅनलाइन फार्म भरने की अंतिम तारीख 21 नवंबर रखी गई है। बताया जा रहा है इन पदों के लिए भर्ती परीक्षा आॅनलाइन ही आयोजित की जाएगी, जिसकी संभावना दिसंबर महीने में होने की जताई जा रही है। भर्ती परीक्षा में एनसीसी और होम गार्ड्स का सर्टिफिकेट रखने वाले अभ्यर्थियों को विशेष फायदा मिले। ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा में बोनस अंक दिए जाएंगे।
इसके तहत एनसीसी में ए कैटेगरी पर दो, बी कैटेगरी पर तीन और सी कैटेगरी का सर्टिफिकेट होने पर पांच अंक बोनस दिए जाएंगे। इसी तरह होम गार्ड्स में लगातार पांच साल रहने वाले अभ्यर्थी को 5, दो साल रहने वाले को 4 और एक साल रहने वाले अभ्यर्थी को 2 अंक बोनस दिए जाएंगे। आॅनलाइन भर्ती परीक्षा कुल 75 अंकों की होगी, जिसमें गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी रहेगा। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।