आॅपरेशन थियेटर में बेहोश प्रसूता को छोड़कर डॉक्टरों की लड़ाई के दौरान नवजात की मौत को लेकर राज्य सरकार ने आज शाम अपनी सफाई दी है। सरकार ने कहा है कि डॉक्टरों की इस लड़ाई के दौरान किसी नवजात की मौत नहीं हुई है।
उम्मेद अस्पताल के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार डॉक्टरों के आपसी झगड़े के दौरान ओटी में भर्ती प्रसूता नसीम बानों के नवजात की मौत नहीं हुई है। प्रसूता और नवजात दोनों स्वस्थ्य है और अस्पताल में भर्ती है। जिस शिशु की मौत होने की बात कही जा रही है, वह प्रसूता अनिता कुमारी बाद में ओटी पहुंची थी, जिसके बच्चे की धड़कने सामान्य नहीं होने के कारण मौत हुई थी।
वीडियो वायरल होने के बाद राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग ने दोनों डॉक्टरों को उम्मेद अस्पताल से हटा दिया है। डॉ. अशोक नैनिवाल की वर्तमान सेवाओं से बर्खास्त कर उनकी सेवाएं जयपुर स्थित निदेशालय को देने के आदेश जारी कर दिए हैं। डॉ. नैनीवाल पावटा सेटेलाइट अस्पताल में लगा दिया है। वहीं, डॉ. टाक को एमडीएम अस्पताल लगा दिया गया है।