छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए केंद्रीय मंत्री
- फोटो : amar ujala
अमेरिकन फैडरेशन ऑफ मुस्लिम ऑफ इंडियन ओरिजिन (एएफएमआई) और मारवाड़ मुस्लिम एजुकेशनल एंड वैलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आज 26वां अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया।
जोधपुर के मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रहे। वही कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी बतौर अतिथि मौजूद रहे। समारोह में मुस्लिम समाज के देशभर के कक्षा 10वीं और 12वीं के 23 राज्यों के 128 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित टॉप-10 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किए।
इस मौके पर केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि शिक्षा के बिना सशक्तिकरण संभव नहीं है। मंत्रालय ने इस बार 70 प्रतिशत बजट शिक्षा के लिए प्रस्तावित किया है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस साल करीब डेढ़ करोड़ छात्रों को स्कॉलरशिप देने जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुस्लिम समाज को मुख्यधारा में जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी में सांसद कोटे से 11 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।